फिरोजपुरः जिले के सीमावर्ती गांव में मारपीट का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार छुट्टी पर आए फौजी पर गांव में घर की रिहायशी जगह पर कब्जा करने को लेकर तेजधार हथियार से हमला किया गया। हादसे में घायल फौजी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गांव में रहने वाले पीड़ित ने जानकारी देते हुए बताया कि वह बीएसएफ का सदस्य है और सीमा व देश की रक्षा करने का काम करता है।
आरोप है कि उस पर जमीनी कब्जा करने को लेकर हथियारों से जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित के मुताबिक यह उनका सांझा घर था, जिसमें वह काफी समय से रह रहे थे। पीड़ित ने कहा कि 2021 में पंचायत में उनके बीच जमीन का बंटवारा हो गया था। ऐसे में उनकी जगह पर अवैध कब्जा कर लिया गया। आरोप है कि इस मामले को लेकर जब पीड़ित ने दूसरे पक्ष को रोका तो उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई गई है।
