चंडीगढ़: हरियाणा सरकार द्वारा राज्य के किसानों को उन्नत और स्वस्थ पौध उपलब्ध करवाकर उनकी आय में वृद्धि करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उद्यान विभाग, हरियाणा के प्रवक्ता ने बताया कि विभाग के अंतर्गत आने वाले सब्जी उत्कृष्टता केंद्र, घरौंडा में रबी मौसम की सब्जियों जैसे तरबूज, खरबूज, खीरा, शिमला मिर्च और अन्य सभी बेल वाली सब्जियों की पौध तैयार करने का कार्य आरंभ कर दिया गया है।
इस पहल के तहत किसान अपने खेत से संबंधित सब्जी फसल का बीज लेकर इस केंद्र पर अपनी स्वस्थ पौध तैयार करवाने के लिए संपर्क कर सकते हैं। केंद्र द्वारा निर्धारित समयसीमा में किसानों को स्वस्थ पौध उपलब्ध करवाई जाएगी तथा विभागीय नियमानुसार कार्य पूर्ण होने पर सब्सिडी की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में जमा की जाएगी।
केंद्र पर स्थित हाई-टेक ग्रीन हाउस का कुल साइज 1792 स्क्वायर मीटर है, और उपलब्ध स्थान को ध्यान में रखते हुए किसानों की पौध की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की तर्ज पर की जाएगी। सब्जियों की पौध बुकिंग के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक या चेक की कॉपी, परिवार पहचान पत्र, मेरी फसल मेरा ब्योरा और पासपोर्ट साइज फोटो आदि शामिल हैं।
