लुधियानाः सिविल अस्पताल के नजदीक दाई अहाता वाली गली में 8 से 10 स्ट्रीट डॉग्स की हालत संदिग्ध रूप से जहरीला पदार्थ खाने के बाद गंभीर हो गई है। लोगों को आशंका है कि दिवाली और विश्वकर्मा दिवस की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें जहरीली वस्तु खिला दी। इलाका निवासियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में कुत्तों की हालत लगातार बिगड़ी है। कई के मुंह से झाग निकल रहा है, जबकि कुछ की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात सामने आई है। इनमें 20 से 25 दिन के पिल्ले भी शामिल हैं। कुत्ते गलियों में बेसुध घूम रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद अब तक प्रशासनिक अधिकारी या सरकारी पशु चिकित्सक मौके पर नहीं पहुंचे। मोगा की एक एनजीओ ने बीती रात अपने स्तर पर पशु चिकित्सक बुलाकर उनका इलाज शुरू करवाया। डॉक्टर ने कुत्तों को ड्रिप समेत जरूरी उपचार दिया, लेकिन उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। इलाका निवासी गौरव भाटिया ने बताया कि बीती शाम कई कुत्ते अचानक बेसुध हालत में घूमते दिखाई दिए।
कुछ दीवारों से टकरा रहे थे। उनकी सांसें तेज चल रही थीं और मुंह से झाग निकल रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि कुत्तों को स्लो पॉइजन दिया गया है। वहीं, मनमीत सिंह ने बताया कि दिवाली की रात कुत्तों की हालत खराब नहीं थी, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे बिगड़ती गई। शुरुआत में बीमारी की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में जहरीला पदार्थ खिलाए जाने का संदेह सामने आया। इलाका निवासी हरप्रीत ने मांग की कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान की जाए।
निगम की सेहत शाखा के डाक्टर विपुल मल्होत्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी मेरे पास कोई शिकायत आई नहीं है लेकिन यदि किसी ने ऐसा किया है तो बहुत गलत है। मामले की जांच करवानी चाहिए और आरोपियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में SPCA की सदस्य पूजा जैन ने कहा कि यदि कुत्तों को किसी ने कोई जहरीला पदार्थ दिया है तो यह बहुत दुख बात है। मैं ग्राउंड लेवल पर कर्मचारी भेज कर मामले की जांच करवाती हूं।
