नई दिल्ली। दिल्ली की जहरीली हवा से जूझ रहे स्कूलों और बच्चों को राहत देने के लिए राजधानी के दो छात्रों ने एक बेहद सस्ता और असरदार जुगाड़ निकाला है। महंगा एयर प्यूरीफायर खरीदने के बजाय, इन छात्रों ने एक ऐसा खास फिल्टर तैयार किया है जिसे कक्षाओं में लगे साधारण टेबल या दीवार वाले पंखों (वॉल फैन) पर लगाया जा सकता है। इस शानदार पहल को ‘प्रोजेक्ट वायु’ (Project Vayu) नाम दिया गया है, और इसके एक फिल्टर की कीमत मात्र 140 रुपये है। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत संस्कृति स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र कृष अग्रवाल और वसंत वैली स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र समर्थ मीटल ने मिलकर की है। इन दोनों का मुख्य उद्देश्य उन स्कूलों तक साफ हवा पहुंचाना है, जिनके पास हर क्लासरूम में महंगे एयर प्यूरीफायर लगवाने का बजट नहीं होता।
इस बेहतरीन सामाजिक कार्य के लिए कृष अग्रवाल का नाम 2026 Diana Award Roll of Honour में भी शामिल किया गया है। इस फिल्टर को लगाना बेहद आसान है। हवा भरने पर यह गुब्बारे जैसा फूल जाता है और करीब 5 वर्ग फीट का बड़ा फिल्टरिंग एरिया तैयार करता है। इसके किनारे पर लगी इलास्टिक की मदद से इसे महज एक मिनट के भीतर किसी भी साधारण पंखे की जाली पर चढ़ाया जा सकता है। इसके लिए किसी औजार या तकनीकी जानकारी की जरूरत नहीं पड़ती। इसमें ‘इलेक्ट्रेट फिल्टर मीडिया’ का इस्तेमाल किया गया है। यह तकनीक हवा में मौजूद बेहद बारीक और खतरनाक धूल के कणों (जैसे PM 2.5) को चुंबकीय आकर्षण (इलेक्ट्रोस्टैटिक अट्रैक्शन) के जरिए अपनी ओर खींचकर रोक लेती है।
खास बात यह है कि इससे पंखे की हवा के बहाव पर भी कोई खास असर नहीं पड़ता। डायना अवॉर्ड की वेबसाइट के अनुसार, प्रोजेक्ट वायु के तहत अब तक दिल्ली के कई वंचित और कम संसाधनों वाले स्कूलों में ये फिल्टर बांटे जा चुके हैं, जिससे 10,000 से अधिक स्कूली बच्चों को साफ हवा में सांस लेने और पढ़ने का माहौल मिला है। 140 रुपये की लागत वाले इस फिल्टर को महीने में एक बार बदलना होता है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट के तहत स्कूलों को ये फिल्टर बिल्कुल मुफ्त दिए जाते हैं। दोनों छात्रों का लक्ष्य इससे पैसा कमाना नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर ज्यादा से ज्यादा स्कूलों की मदद करना है।
