चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महत्वपूर्ण विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया को तेजी से सिरे चढ़ाने के लिए सिंगापुर की तर्ज पर अलग से कॉरपोरेशन बनाया जाए जो सभी विभागों के बड़े व महत्वपूर्ण टेंडरों की प्रक्रिया को बिना देरी पूरा करवाए। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और बजट का समुचित इस्तेमाल सुनिश्चित हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में अगले वित्त वर्ष के बजट की तैयारियों के मद्देनजर चालू वित्त वर्ष के विभागवार खर्च की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने सभी विभागों को अलॉट किए गए बजट के खर्च की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करवाया जाए ताकि अलॉट किए गए बजट का चालू वित्त वर्ष की समाप्ति से पहले समुचित उपयोग हो सके।
समीक्षा बैठक में कुछ विभागों के टेंडरों में देरी का मामला संज्ञान में आने पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों की प्रवृति के अनुरूप नया कॉरपोरेशन बनाने के साथ-साथ कंसल्टेंट कंपनियों को सूचीबद्ध करने तथा टाउनशिप कंसल्टेंट हायर करने के विकल्प अपनाए जाएं। इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बड़े विभागों के अधिकारी समुचित योजना बनाकर इसे क्रियान्वित करें।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि बजट में निर्धारित प्रत्येक रुपये का उपयोग पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण की भावना के साथ हो, ताकि प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिले और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार किया जा सके।
