चंडीगढ़: हरियाणा के जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के छात्रों के पास जल्द ही अपनी इंजीनियरिंग की आधी डिग्री यूरोपीय संघ में पूरी करने का सीधा अवसर होगा। अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विश्वविद्यालय ने रोमानिया की प्रतिष्ठित टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ क्लुज-नापोका के साथ 2 प्लस 2 ड्यूल डिग्री कार्यक्रम शुरू करने की दिशा में कार्य-योजना तैयार की है।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कुलसचिव प्रो. अजय रँगा और प्रो. संजीव गोयल, जो वर्तमान में यूरोप के दौरे पर है, ने रोमानिया की टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ क्लुज-नापोका के साथ ड्यूल डिग्री, फैकल्टी एवं स्टूडेंट एक्सचेंज, स्कॉलरशिप और संयुक्त नवाचार कार्यक्रमों को लेकर रणनीतिक चर्चा की। दोनों पक्षों में सहमति के अनुरूप दोनों विश्वविद्यालय कंप्यूटर इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 2 प्लस 2 ड्यूल डिग्री प्रोग्राम शुरू करेंगे। इसके तहत छात्र दो साल की पढ़ाई फरीदाबाद में और दो साल क्लुज-नापोका में पूरी करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल के चल रहे यूरोपीय दौरे में जर्मनी और हंगरी में शैक्षणिक जुड़ाव भी शामिल है। यह विश्वविद्यालय की उस ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाता है जो 1969 में भारत-जर्मन सहयोग के रूप में शुरू हुई थी। औपचारिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने से पहले आने वाले महीनों में अंतिम मंजूरी और पाठ्यक्रम संरचना (करिकुलम अलाइनमेंट) पर काम किया जाएगा।
