ऊना। जिला ऊना पुलिस ने नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए अम्ब में 6.24 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर की शाम को पुलिस थाना अम्ब की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अन्दौरा रोड स्थित रामलीला ग्राउंड के समीप नाकाबंदी एवं जांच के दौरान कार्रवाई की। इस दौरान हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, अन्वेषणाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राहुल निवासी वार्ड नंबर-9, प्रताप नगर, अम्ब की नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से 6.24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपना सहयोग दें। नशे के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
