लुधियानाः मुल्लांपुर दाखा के मेन चौक में सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां एक बुजुर्ग दंपति पर ट्रक चालक ने ट्रक चढ़ा दिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक की चपेट में आने से दोनों को चोटे आईं है। वहीं बुजुर्ग महिला की टांग टूट गई। हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। जिसने दंपति को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां 70 वर्षीय महिला चरण कौर की टांग काटनी पड़ी।
पीड़ित बुजुर्ग जीत सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी चरण कौर के साथ पण्डोरी वाले अस्पताल से दवाई लेने के लिए निकले थे। सुबह करीब 10 से 10:15 बजे के बीच मुल्लांपुर मेन चौक पर वे अपनी बाइक किनारे खड़ी करके रुके हुए थे तभी एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। 108 एंबुलेंस (मुल्लांपुर दाखा) के ड्राइवर जसदीप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद वहां काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसका फायदा उठाकर ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक यह ट्रक ट्रेन (मालगाड़ी) में बोरियां लोड करने के काम में लगा हुआ था। एंबुलेंस कर्मी जसदीप ने बताया कि मौके पर बुजुर्ग महिला की टांग कट चुकी थी लेकिन इतनी गंभीर चोट के बावजूद महिला पूरे होश और हौसले में थी। कटी हुई टांग को साथ लेकर एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को करीब 20 मिनट के भीतर सिविल अस्पताल पहुंचा दिया गयाजहां उनका इलाज चल रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मौक पर नहीं पहुंची थी।
