लुधियाना: मुंडियां कलां इलाके स्थित गुरु नानक नगर में दिवाली की रात (8 नवंबर) पटाखे चलाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर डंडे रॉड और तलवारें निकल आईं। एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि हार्ट पेशेंट बुजुर्ग के घर के आगे जानबूझकर पटाखे फोड़े गए और विरोध करने पर बाहरी गुंडे बुलाकर जानलेवा हमला किया गया।वहीं दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए दावा किया है कि हथियारबंद बदमाश दूसरे पक्ष ने ही बुलाए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष के पीयूष मिश्रा ने कहा कि जानबूझकर पटाखे फोड़े गए और नानी के सिर पर रॉड मारी गई। बुजुर्ग दंपती के पोते पीयूष मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि उनके 75 वर्षीय नाना और 70 वर्षीय नानी गली नंबर 4 में रहते हैं। उनकी नानी हार्ट पेशेंट हैं और डॉक्टर ने उन्हें ओपन-हार्ट सर्जरी की सलाह दी है। पीयूष का आरोप है कि पड़ोसी साहिल शर्मा, दीक्षित शर्मा और उनके परिवार ने जानबूझकर उनके घर के गेट के सामने पटाखे फोड़े। एक पटाखा उनके घर की दीवार घड़ी पर जाकर लगा। जब नाना जी ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो वे गाली-गलौज पर उतर आए। आरोप है कि इसके बाद साहिल पक्ष ने बाहरी लोगों को बुला लिया और गेट तोड़कर घर में घुस गए। पीयूष के मुताबिक हमलावरों ने उनकी नानी के सिर पर रॉड मारी, जिससे उनके हाथ की उंगलियों में भी गहरी चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उनके मामा की छाती पर भी रॉड से वार किया गया। पीयूष ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनकी सोने की चेन और जेब से 10 हजार रुपये नकद छीन लिए गए।
दूसरा पक्ष के साहिल शर्मा ने कहा कि सभी आरोप झूठे है। उन्होंने खुद हथियारबंद लोग बुलाए पड़ोसी साहिल शर्मा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद और जाली करार दिया है। साहिल ने कहा कि जब बुजुर्ग ने उन्हें वहां पटाखे चलाने से मना किया, तो वे लोग घर के आगे से हटकर चौक पर जाकर पटाखे चलाने लगे थे। साहिल का आरोप है कि विवाद शांत होने के बाद बुजुर्ग पक्ष की ओर से मोटरसाइकिल पर बाहरी बदमाशों को बुलाया गया। इन बाहरी लोगों ने आकर गंदे इशारे किए, महिलाओं से बदतमीजी की और तलवारें व डंडे लहराते हुए उनके घरों का गेट तोड़ने की कोशिश की। साहिल ने मीडिया को अपने मोबाइल पर वीडियो दिखाते हुए कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि हथियारबंद लोग किसने बुलाए थे। उन्होंने चेन और पैसे लूटने के आरोप को भी झूठा बताया और कहा कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर ऑफिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को सुना गया है। पुलिस अधिकारी उपिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें 8 तारीख की रात को गली नंबर 4 में पड़ोसियों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। पुलिस के मुताबिक यह विवाद एक हार्ट पेशेंट द्वारा पटाखे दूर चलाने के आग्रह को लेकर शुरू हुआ था। घटना के दौरान पुलिस को अंदर न घुसने देने और हथियारों के इस्तेमाल के सवाल पर अधिकारी ने कहा कि यह सब तफ्तीश का हिस्सा है और जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। फिलहाल पुलिस कानून और मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई कर रही है।
