लुधियानाः पुलिस कमिश्नरेट ने पत्रकार दंपती पर हुई फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी खुद मॉडल टाउन का रहने वाला है और पेशे से कारपेंटर का काम करता है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह छिपने के लिए अपनी बहन के घर चला गया था जहां से पुलिस ने उसे काबू कर लिया। डीसीपी आलम विजय ने बताया आरोपी की पहचान रविंदर सिंह उर्फ रवि पुत्र राजिंदर सिंह (निवासी मकान नंबर 11, ब्लॉक-डी, मॉडल टाउन एक्सटेंशन) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने पीएयू के गेट नंबर 8 के पास खड़ी एक कार से पिस्तौल चुराई थी। इसी चोरी के असले का इस्तेमाल करते हुए उसने एमबीडी मॉल के पास कार में सफर कर रहे एक व्यक्ति पर गोलियां चलाईं। इसके बाद उसने इलाके में दहशत का माहौल बनाने के इरादे से मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में भी फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने 9 नवंबर 2026 को आरोपी को एक संदिग्ध एक्टिवा (रजिस्ट्रेशन नंबर PB-10-FB-8851) पर घूमते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .32 बोर (7.65 mm) की पिस्तौल और 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक रविंदर सिंह एक आदतन अपराधी है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि उसके खिलाफ पहले से ही लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 आपराधिक मामले (मोती नगर, मॉडल टाउन, दुगरी और डिवीजन नंबर 5 थानों में) दर्ज हैं। इस नई घटना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ पीएयू और मॉडल टाउन थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत तीन नई एफआईआर (FIR No. 220, 218, और 239) दर्ज की हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा और जेसीपी रुपिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी आलम विजय सिंह, एडीसीपी धरवथ साई प्रकाश और एसएचओ कुलवंत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने की है।
