जालंधर, ENS: शहर के अवतार नगर की गली नंबर-1 में देर रात चोरी की नीयत से एक घर में दाखिल हुए युवक को मकान मालिक और इलाके के लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई की और उसे थाना भार्गव कैंप की पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो में पकड़ा गया युवक खुद को बेकसूर बताते हुए दिखाई दे रहा है।
उसका कहना है कि वह अपने किसी जानकार से मिलने के लिए घर में आया था और गलती से दूसरे घर में दाखिल हो गया। परिवार के मुताबिक, घर के बाहर करीब 7 फीट ऊंची दीवार बनी हुई है। युवक इस दीवार को फांदकर अंदर दाखिल हुआ था। जब वह घर में चोरी करने की कोशिश कर रहा था तो कुछ आवाज सुनाई दी।
इसके बाद परिवार को शक हुआ और उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। कैमरे में एक व्यक्ति घर के अंदर आता दिखाई दिया। परिवार के सदस्यों और मोहल्ले के लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया। बाद में उसे थाना भार्गव कैंप की पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अपने साथ थाने ले गई और मामले की जांच में जुट गई।
