नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग के गफ्फार मार्केट में लगी भीषण आग पर काबू पा लिया गया है। आग ‘चेन वाली गली’ के 13 ब्लॉक में, पुरी प्लाजा की एक दुकान में लगी थी। आग इतनी भीषण थी कि इस पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कुल 22 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। इसके अलावा, पानी के अतिरिक्त टैंकर और लाइटिंग का सामान भी घटनास्थल पर भेजा गया था। दुकान में आग लगने की यह घटना शुक्रवार तड़के हुई। जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल की 22 गाड़ियों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया है। करोल बाग पुलिस स्टेशन को रात 1:28 बजे एक PCR कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया कि ‘चैन वाली गली’ की एक इमारत में आग लग गई है। पुलिस का नाइट स्टाफ और SHO तुरंत मौके पर पहुंचे। आग गफ्फार मार्केट स्थित ‘पुरी प्लाजा’ की दुकान नंबर 13/21 में लगी थी। यह चार मंजिला कमर्शियल इमारत है, जहां मोबाइल एक्सेसरीज का काम होता है।
जानकारी के मुताबिक, आग ग्राउंड फ्लोर की उस दुकान से भड़की, जहां मोबाइल की बैटरियां रखी हुई थीं। देखते ही देखते आग इमारत की सभी मंजिलों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की लगभग 20-25 गाड़ियां, तीन CAT एम्बुलेंस और दो PCR गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है। सिर्फ सामान के नुकसान की खबर है। शुरुआती जांच के मुताबिक, आग लगने की संभावित वजह बैटरियों का ओवरहीट होना या ओवरचार्ज होना हो सकता है। सटीक कारण का पता लगाया जा रहा है।
इमारत में किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी का पता लगाने के लिए FSL टीम जांच करेगी। आग बुझा दी गई है और मौके पर कानून-व्यवस्था बनी हुई है। आग से दुकान में किना नुकसान हुआ है, ये जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। जिस दुकान में आग लगी है वह ऊपर की मंजिल पर है। आग की तेज लपटों और धुएं के बीच दमकलकर्मियों के लिए इस पर काबू पाना बड़ी चुनौती रहा। शटर खोलकर अंदर जाने की कोशिश दमकल कर्मियों ने की, जिसके बाद आग पर वक्त रहते काबू पाया जा सका।
