मुबंईः सोमवार को ताबड़तोड़ तेजी लेकर बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी ने आज खुलने के साथ ही धमाल मचाना शुरू कर दिया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स ओपन होते ही 700 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाकर एक बार फिर से 76 हजार का आंकड़ा पार कर गया, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स भी 188 अंक की तेजी लेकर 23,600 के पार निकल गया। जहां सोमवार को मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस का शेयर गदर मचाता हुआ नजर आया था, तो वहीं मंगलवार को इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस जैसे शेयर रॉकेट बने दिखाई दिए।
दरअसल, आज के शुरुआती सत्र में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स में हरियाली छाई रही, जिससे बाजार को नीचे से मजबूत सहारा मिला। सीमेंट सेक्टर्स में आई तेजी के दम पर निफ्टी सीमेंट इंडेक्स 1.71% चढ़कर शीर्ष पर रहा। एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी से इंडेक्स 1.41% उछलकर 44,594.75 पर पहुंच गया। इसके अलावा, निफ्टी बैंक (+0.54%), निफ्टी प्राइवेट बैंक (+0.67%), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (+0.90%) और निफ्टी आईटी (+0.90%) में भी बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर, निफ्टी फार्मा (-0.46%) और निफ्टी हेल्थकेयर (-0.45%) में मुनाफावसूली के कारण हल्की नरमी देखी गई।
निफ्टी 50 के दिग्गजों में बैंकिंग और कंज्यूमर शेयरों ने शानदार तेजी दिखाई। इंटरग्लोब एविएशन 3.62% की उछाल के साथ ₹5,098.00 पर पहुंचकर टॉप गेनर बना। श्रीराम फाइनेंस (+2.07%), इंफोसिस (+2.06%), एशियन पेंट्स (+2.04%), नेस्ले इंडिया (+1.80%) और एचडीएफसी बैंक (+1.67%) में मजबूत खरीदारी दर्ज की गई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस (+1.13%), टाटा कंज्यूमर (+1.43%) और अल्ट्राटेक सीमेंट (+1.36%) भी प्रमुख गेनर्स में शामिल रहे।दूसरी तरफ, ओएनजीसी (-1.65%) और अपोलो हॉस्पिटल्स (-1.22%) में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा सिप्ला (-0.87%), पॉवरग्रिड (-0.86%), एनटीपीसी (-0.48%) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (+0.04% पर सपाट) में सुस्ती देखने को मिली।
