डीसी जतिन लाल ने विजेता टीम को 45 हजार और उपविजेता को 25 हजार रुपये देकर किया सम्मानित, राजबीर सिंह बने मैन ऑफ द मैच
ऊना, सुशील पंडित: पुलिस स्मृति दिवस-2026 के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन ऊना में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को ऊना पुलिस बी-XI और एमसीसी बसदेहड़ा-XI के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ की अगुवाई वाली ऊना पुलिस बी-XI की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में एमसीसी बसदेहड़ा-XI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऊना पुलिस की टीम के सामने 142 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और महज चार विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ऊना पुलिस बी-XI प्रतियोगिता की विजेता बनी, जबकि एमसीसी बसदेहड़ा-XI को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता टीम को 45 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राजबीर सिंह को मैन ऑफ द मैच, रोबिन को मैन ऑफ द सीरीज, अमित जसवाल को बेस्ट बैट्समैन और समीर को बेस्ट बॉलर चुना गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने उपायुक्त जतिन लाल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना भी विकसित करते हैं।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक खेल गतिविधियों में भाग लेने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं अन्य टीमों के खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय और भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
