वाटर टैंक से दावत चौक तक नाली निर्माण 90 प्रतिशत पूरा
बद्दी। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा देने के उद्देश्य से नगर निगम बद्दी की ओर से साईं रोड के चौड़ीकरण और नालियों के निर्माण का कार्य करवाया जा रहा है। इस परियोजना के तहत वाटर टैंक से दावत चौक तक सड़क के बाईं ओर नाली निर्माण का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही इस मार्ग पर मेटलिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। नगर निगम के अनुसार, वाटर टैंक से दावत चौक तक पूरे सड़क मार्ग पर मेटलिंग की जाएगी।
इससे सड़क की स्थिति में सुधार होगा और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साई रोड के अन्य हिस्सों में भी सड़क के दोनों ओर नालियों के निर्माण का काम जारी है। इन नालियों के बनने से सड़क किनारे पानी की निकासी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। साई रोड शहर का महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ व्यापारी और रोजाना आने-जाने वाले लोग गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति और जल निकासी की समस्या के कारण लोगों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में चौड़ीकरण, मेटलिंग और नाली निर्माण का काम पूरा होने से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा। नगर निगम की ओर से निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। निगम का लक्ष्य शहर में बेहतर सड़क संपर्क और जल निकासी व्यवस्था विकसित करना है। कार्य पूरा होने के बाद साई रोड पर यातायात अधिक सुगम होने के साथ स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
