मुंबईः महाराष्ट्र में ठाणे के वर्तक नगर पुलिस स्टेशन की टीम ने 31 अक्टूबर की देर रात येऊर स्थित एक बंगले में चल रही हैलोवीन पार्टी पर अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की है।
मामले में प्रतिबंधित ई-सिगरेट के इस्तेमाल, नाबालिगों की मौजूदगी और वन विभाग के कर्मचारियों को कथित तौर पर रिश्वत देने जैसे गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है। ये पार्टी आश्रम रोड स्थित लायन पार्क इलाके में सुरेश गडा नामक व्यक्ति के बंगले पर आयोजित की गई थी। जानकारी के अनुसार इस पार्टी में 70 से अधिक युवक-युवतियां शामिल हुए थे।
आयोजकों ने पार्टी में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 1500 की एंट्री फीस वसूली थी। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात यह औचक कार्रवाई की और मौके पर भारी भीड़ को पाया।
पुलिस के अनुसार पार्टी में शराब पीने के साथ-साथ भारत में प्रतिबंधित ई-सिगरेट का इस्तेमाल भी किया जा रहा था। जांच अधिकारियों को संदेह है कि पार्टी में शामिल कुछ लोग नाबालिग भी थे। इसके चलते सभी उपस्थित लोगों की मेडिकल जांच करवाई जा रही है।
