चंडीगढ़: पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कर मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां घोषणा की कि पंजाब ने अक्टूबर 2026 के दौरान स्टेट गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (एसजीएसटी) के नकद संग्रह में 28.29 प्रतिशत की असाधारण वृद्धि दर्ज की है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर एसजीएसटी संग्रह में लगभग 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राजस्व संग्रह के प्रयासों को मजबूत करने, कर अनुपालन में सुधार लाने और कर चोरी रोकने के लिए राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
कर संग्रह के ताजा आंकड़ों का खुलासा करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “पंजाब का एसजीएसटी नकद संग्रह अक्टूबर 2025 के 803.07 करोड़ रुपये से बढ़कर अक्टूबर 2026 में 1,030.29 करोड़ रुपये हो गया है। इस प्रकार 227.22 करोड़ रुपये का अतिरिक्त संग्रह हुआ और 28.29 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की गई।”
चालू वित्त वर्ष के दौरान राष्ट्रीय रुझान की तुलना में पंजाब के बेहतर प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए चीमा ने कहा, “राज्य के कुल संचयी जीएसटी राजस्व में अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान 16.39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि इसी अवधि के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर कुल जीएसटी संग्रह में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।” उन्होंने कहा कि पंजाब के राजस्व में लगातार हो रही वृद्धि बेहतर निगरानी, प्रौद्योगिकी आधारित जांच और मजबूत प्रशासन की कार्यकुशलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि कर संग्रह में निरंतर वृद्धि राज्य की जनता के लिए जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए धन उपलब्ध कराने की पंजाब की वित्तीय क्षमता को और मजबूत करेगी।
