खुलासाः सोशल मीडिया के जरिए होती नशे और हथियारों की तस्करी
अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 पिस्तौल, 4 कारतूस और 2 किलो 293 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों के तार पाकिस्तानी तार तस्करों से जुड़े हुए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर अमृतसर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में करणदीप सिंह, करण, अंग्रेज, मनप्रीत, राहुल, कपिल और निखिल समेत अन्य आरोपी शामिल हैं।
इनकी उम्र 19 से 27 साल के बीच है और ये अमृतसर और तरनतारन के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, यह ऑपरेशन ई-डिवीजन, छेहरटा और कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन के इलाकों में चलाया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी पिछले 8 महीने से पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे। वे ड्रोन से भेजी गई खेप को इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क कर रिसीव करते थे और डिलीवर करते थे।
इस काम के बदले उन्हें हर चक्कर के 10 से 15 हजार रुपये मिलते थे। इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग को लेकर भी सवाल उठाया गया। बता दें कि मुंबई पुलिस की जांच में पता चला है कि इस मामले के एक आरोपी ने हथियार अमृतसर से हासिल किया था। मुंबई पुलिस ने इस मामले में प्रिवेंशन ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट भी लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और हथियार व ड्रग सप्लाई लेने वाले अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
