लुधियानाः डाबा इलाके में चोरी की घटना सामने आई है। जहां चोर मोबाइल शोरूम को निशाना बनाते हुए शटर तोड़कर दुकान से 12 मोबाइल चुराकर फरार हो गए। घटना वहां लगे कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोरों ने कटर से दुकान के ताले काट दिए और दुकान का शटर तोड़कर ओप्पो, वीवो, पोको, रियलमी, टेक्नो और सैमसंग कंपनियों के 12 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। थाना डाबा पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरविंदर सिंह ने बताया कि डाबा में उनकी प्रिंस गैलरी एंड इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से मोबाइल शोरूम है। 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे उनके शोरूम के पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति का फोन आया। उसने बताया कि उनके शोरूम के बाहर से काफी आवाजें आ रही हैं। सूचना मिलने के बाद गुरविंदर सिंह अपने भाई रणजोध सिंह के साथ शोरूम पहुंचे। वहां जाकर देखा तो शोरूम का शटर टूटा हुआ था।
अंदर सामान की जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर शोरूम से अलग-अलग कंपनियों के 12 मोबाइल फोन चोरी कर ले गए हैं। सीसीटीवी चैक किए तो पता चला कि चोरों ने कटर की मदद से शटर उखाड़ा और ताले तोड़े है। घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। थाना डाबा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
