मैड्रिड: स्पेन में दो हाई स्पीड ट्रेनों को आपस में टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 39 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टक्कर के बाद दो डिब्बे पटरी से उतरकर ढलान पर पलट गए। हादसा बुधवार सुबह स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे टोलेडो प्रांत के लॉस येबनेस और उर्डा शहरों के बीच हुआ। हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंदालूसिया रूट पर ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। समाचार एजेंसी ने बताया कि दोनों ट्रेनें एक ही दिशा में जा रही थीं। इस दौरान एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे उसकी दो बोगियां पटरी से उतर गईं।
View this post on Instagram
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने ट्रेन हादसे के प्रति दुख जताते हुए पीड़ितों के साथ एकजुटता जाहिर की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि टोलेडो में हुए गंभीर ट्रेन हादसे से स्तब्ध हूं। मैं परिवहन मंत्री ऑस्कर पुनेटे और कैस्टिला-ला मांचा के अध्यक्ष इमिलियानो गार्सिया पेज से लगातार संपर्क में हूं। आपातकालीन सेवाएं मौके पर काम कर रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों की मदद की जा सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सिविल प्रोटेक्शन अधिकारियों ने उनके टाउन हॉल से संपर्क कर यात्रियों के इलाज के लिए एक स्पोर्ट्स पवेलियन तैयार करने को कहा है। स्थानीय प्रशासन घायलों को प्राथमिक उपचार देने और जरूरत पड़ने पर अस्पताल भेजने की तैयारी में जुटा है। गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में दक्षिणी स्पेन में एक बड़ा हादसा हुआ था। उस समय एक ट्रेन पटरी से उतरी और सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई, जिसमें 45 लोगों की मौत हो गई थी। वह हादसा 2013 के हादसे के बाद स्पेन में सबसे जानलेवा था। 2013 में एक ट्रेन हादसे में 80 लोगों की जान गई थी।
