शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र के विकास पर 10,000 से 15,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है। प्रदेश में हाई-एंड पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है। इसके तहत पर्यटन अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री आज शिमला जिला के नालदेहरा स्थित गोल्फ कोर्स में 24 और 25 अक्तूबर को आयोजित कोटी गोल्फ कप-2026 टूर्नामेंट के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस प्रतियोगिता में 80 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उन्हें ट्रॉफियां प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार से बड़े विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है। समारोह में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, महाधिवक्ता अनूप रतन, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा कोटी गोल्फ क्लब और नालदेहरा गोल्फ क्लब के सदस्य एवं पदाधिकारी भी उपस्थित थे।