मंत्री ने भाजपा-अकाली दल पर साधा निशाना
पठानकोट: कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने हिंदू कोऑपरेटिव बैंक की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बैंक की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि 1926 में स्थापित यह ऐतिहासिक संस्थान, जो हमारे बुजुर्गों की धरोहर है, आज घाटे से उबरकर लाभ की स्थिति में पहुंच चुका है।
इस अवसर पर ग्राहकों और शेयरधारकों को 1 करोड़ 30 लाख रुपये का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बैंक के पदाधिकारियों, सतीश महेंद्रू, विनोद लालपुरी, रमेश जी और पूरी टीम को इस सफलता पर बधाई दी। पंजाब के वित्त मंत्री सरदार हरपाल सिंह चीमा की मौजूदगी में यह आयोजन हो रहा है और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘रंगला पंजाब’ बनाने के सपने को साकार करने और ऐसे संस्थानों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है।
वहीं, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के संभावित गठबंधन पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने अवसरवादी और राजनीतिक मजबूरी का गठबंधन करार देते हुए कहा कि इनमें से एक ‘चंदा चोर’ है तो दूसरी ‘बेअदबी करने वाली पार्टी’ है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता पहले ही इन्हें नकार चुकी है और आने वाले समय में फिर से सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार को ही चुनने का मन बना चुकी है।