उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में वह अपनी पत्नी के साथ मगरमच्छ का मांस खाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अधिकारी ने यह वीडियो थाईलैंड से अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो सामने आने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग उठने लगी है। वीडियो के साथ राजकुमार राठौर ने अंग्रेजी में कैप्शन लिखा, ‘Trying crocodile for the first time in Thailand’, ।
इस मामले में एक और सवाल उनकी विदेश यात्रा को लेकर उठ रहा है। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के मुताबिक, राजकुमार राठौर ने 19 से 23 अक्टूबर तक अवकाश के लिए आवेदन दिया था। हालांकि, आवेदन में विदेश यात्रा का उल्लेख नहीं था और न ही विदेश जाने की अनुमति ली गई थी। ऐसे में यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। नगर निगम के अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने भी विभागीय कार्रवाई के संकेत दिए हैं। वीडियो सामने आने के बाद मगरमच्छ के मांस के सेवन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, थाईलैंड में मांस खाने का वीडियो सामने आना अपने आप में भारतीय वन्यजीव कानून के उल्लंघन का प्रमाण नहीं है। भारत में मगरमच्छों की संरक्षित प्रजातियों के शिकार, व्यापार और उनसे जुड़े अन्य प्रतिबंधित कृत्यों पर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। फिलहाल मामले में विभागीय जांच और विदेश यात्रा से जुड़े नियमों के संभावित उल्लंघन पर कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।