जालंधर, ENS: दाना मंडी में बूथ नंबर-56 पर दुकान चलाने वाले आढ़ती से मारपीट की घटना सामने आई है। जहां देर रात हुए विवाद को लेकर आढ़ती संजू ने आरोप लगाया कि पुराने पार्टनर के बेटे कपिल ने 2 दर्जन साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। इस हाथापाई के दौरान कपिल ने उसे थप्पड़ व मुक्के मारे। मारपीट में संजू की कमर और गर्दन पर चोटें आई हैं।
पीड़ित ने थाना डिवीजन-1 में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। संजू ने बताया कि दाना मंडी में उनकी पम्मा ट्रेडिंग कंपनी है। इसमें पम्मा नामक एक साझेदार भी है। दुकान खाली और पार्टनरशिप खत्म होने के बाद उन्होंने किराए पर दूसरी जगह लेकर अलग काम शुरू किया। बावजूद इसके पुराने पार्टनर पम्मा और उसके बेटे कपिल ने रंजिश रखी। दोनों उसे काम नहीं करने दे रहे थे।
व्यापारी संजू के अनुसार, वीरवार रात को वह अपनी नई दुकान पर काम कर रहे थे, तभी पम्मा का बेटा कपिल अपने साथ 20-25 लड़कों को लेकर वहां पहुंचा। आते ही आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और थप्पड़, मुक्के व लातें मारीं। इस हमले में उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। आरोपियों ने दुकान पर मौजूद लेबर और काम करने वाले लड़कों के साथ भी हाथापाई की। संजू ने आरोप लगाया कि मारपीट करने के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि वे उसे मंडी में काम नहीं करने देंगे।
आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि माल से लदी गाड़ियों को मंडी गेट से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा और जो भी बीच में आएगा, उसे भी अंजाम भुगतना होगा। आढ़ती संजू ने मारपीट की घटना को लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना-1 में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि उनके बच्चे छोटे हैं और वे बिना किसी को तंग किए अपना रोजगार चला रहे हैं। कुछ लोग उन्हें व्यापार नहीं करने दे रहे हैं। पीड़ित ने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।