मुजफ्फरनगरः कैराना में पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में गाड़ी चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चालक संदीप कुमार दुहन और अंकित निवासी रसालापुर थाना बापौली जनपद पानीपत हरियाणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मेजर और आतिश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार प्रातः करीब 11 बजे स्कॉर्पियो पानीपत की ओर से तेज गति से आ रही थी। कैराना में पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर पहुंचते ही गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटे खाते हुए सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी की गति काफी अधिक थी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो के अंदर से शराब की बोतल भी मिली।
सूचना मिलने पर सीओ हेमंत कुमार भी मौके पर पहुंचे और हादसे के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी। वहीं पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से स्कॉर्पियो को सीधा कराया। जिसके बाद ट्रैक्टर की सहायता से गाड़ी को सड़क के एक किनारे किया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
शामली जिले में सड़क डिवाइडर से टकराने के बाद एक कार के पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने वीरवार को जानकारी दी। ये दुर्घटना बुधवार को कैराना पुलिस थानाक्षेत्र में बाईपास पर एक फ्लाईओवर के पास हुई। मृतकों की पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी कारोबारी और कंबल फैक्टरी के मालिक संदीप कुमार दुहन (40) और उनकी फैक्टरी के कर्मचारी अंकित कुमार (22) के रूप में की गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि पीड़ित पानीपत से हरिद्वार जा रहे थे, जब यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि घायलों को गंभीर हालत में एक उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
