जालौनः एट थाना क्षेत्र में आज सुबह बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, कानपुर-झांसी हाईवे पर कोटरा पुल के पास स्कूली बच्चों से भरी ओमनी वैन को पीछे से आ रही अज्ञात डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी। हादसे के वक्त वैन में चालक और शिक्षक समेत 13 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक बच्चे को चोट आई, जबकि चालक और शिक्षक को भी हल्की चोटें आने की जानकारी मिली है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुरकुरु से अंकुरण प्ले स्कूल एट जा रही वैन संख्या UP93 AW 8281 को टक्कर मारने के बाद डीसीएम चालक गाड़ी समेत मौके से भाग गया।
View this post on Instagram
अचानक हुए हादसे से वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हादसे में अंश नामक बच्चे के नाक के पास चोट आई। उसे उपचार के लिए उरई अस्पताल भेजा गया। वैन चालक और शिक्षक को भी हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। वैन को टक्कर मारने के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। थाना अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकालकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूली बच्चों से भरी वैन के हादसे का शिकार होने के बाद निजी स्कूलों में बच्चों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा और सड़क पर उनकी सुरक्षित आवाजाही को लेकर यह घटना चिंता बढ़ाने वाली है।
