चंडीगढ़: पंजाब के खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज बताया कि पंजाब सरकार ने राज्य में अवैध खनन के ख़िलाफ़ कार्रवाई और तेज़ कर दी है। उन्होंने बताया कि पठानकोट, कपूरथला और श्री आनंदपुर साहिब में चार अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाली बड़ी संख्या में मशीनरी और वाहन ज़ब्त किए गए हैं। इन कार्रवाइयों के दौरान एक स्टोन क्रशर मालिक के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है और एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पठानकोट ज़िले के गांव जसवां में देर रात की गई कार्रवाई के दौरान विभाग ने एक पोकलेन मशीन और लगभग 400 क्यूबिक फुट बजरी से भरा बिना नंबर का टिप्पर ज़ब्त किया है। उन्होंने बताया कि ज़िला खनन विभाग की विभिन्न टीमों द्वारा गांव जसवां के क्रशर जोन में जांच के दौरान त्रेहन स्टोन क्रशर में पीले रंग की एक पोकलेन मशीन (मॉडल आर215एल, सीआर नंबर एन635डी01027) और बिना नंबर का एक टिप्पर (चेसिस नंबर एम.ए.टी. 569054 टी.ए.डी. 12679) मिला, जिसमें लगभग 400 क्यूबिक फुट बजरी लदी हुई थी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकारी खजाने को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए कानून का सख़्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है और खनन गतिविधियों को निर्धारित नियमों एवं कानूनों के अनुसार संचालित करवाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
