नई दिल्लीः भ्रष्टाचार के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ED ने पंजाबी फिल्म प्रोड्यूसर अमरदीप सिंह ग्रेवाल को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हिरासत में लिया है। ग्रेवाल ग्रेवाल ईस्ट सनशाइन प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े एक प्रमुख पंजाबी फिल्म कलाकार हैं। वह पंजाबी मूवी मौजां ही मौजां और स्नोमैन जैसे कई पंजाबी फिल्मों से जुड़े रहे हैं। ईडी ने ग्रेवाल को पूछताछ के लिए 7 अक्टूबर और फिर 9 अक्टूबर को दिल्ली स्थित मुख्यालय में पेश होने के समन भेजे थे। हालांकि, वह दोनों बार पूछताछ में शामिल नहीं हुए। मिली जानकारी के अनुसार अमरदीप पर 5 करोड़ रुपए की कथित रिश्वत के आरोप है।

बताया जा रहा है कि लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद ग्रेवाल को पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर ले जाया गया। इस मामले में ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कहा जा रहा हैकि गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी चहल के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर रेप, ब्लैकमेल और धमकी समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। मोहाली के सोहाना थाने में 1 मई को FIR दर्ज हुई थी। शिकायत में 26 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया था कि उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए, उसे ब्लैकमेल किया गया और धमकियां दी गईं।
इसी मामले में बाद में आरोप सामने आए कि एफआईआर रद्द कराने और केस को दबाने के लिए 5 करोड़ रुपए मांगे गए थे। इस कथित मांग को लेकर अमरदीप सिंह ग्रेवाल का नाम सामने आया। पीड़िता के पिता ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया कि अमरदीप सिंह ग्रेवाल के जरिए केस खत्म कराने की कोशिश की जा रही थी। वहीं, गुरी चहल के दोस्त सिमरनजीत सिंह हुंदल की ओर से हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में भी ग्रेवाल को लेकर आरोप लगाए गए। याचिका में दावा किया गया कि ग्रेवाल कथित तौर पर रेप के मामलों को खत्म कराने के नाम पर करोड़ों रुपए की मांग कर रहा था। इस मामले में ग्रेवाल की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच के जरिए तय होनी है।
