कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता एवं आसपास के इलाकों के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार शाम यहां पहुंचेंगे और दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच पंडालों में जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पश्चिम बंगाल की सत्ता में आने के बाद दुर्गा पूजा के दौरान शाह का राज्य का यह पहला दौरा होगा। भाजपा सूत्रों के अनुसार, शाह शनिवार रात करीब 8:10 बजे अहमदाबाद से कोलकाता पहुंचेंगे। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के उनकी अगवानी करने की संभावना है।
दक्षिण कोलकाता के अलीपुर स्थित एक अतिथि गृह में रात बिताने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री रविवार पूर्वाह्न पौने 11 बजे रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ जाएंगे, जहां वह दुर्गा पूजा में शामिल होंगे। शाह इसके बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे हावड़ा जिले के बाली स्थित देशबंधु क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल जाएंगे। इसके बाद वह उत्तरी कोलकाता के शोभाबाजार राजबाड़ी पहुंचेंगे, जहां 250 से अधिक वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। शाह वहां पूजा करेंगे। सूत्रों ने बताया कि शाह शाम के समय पूर्वी कोलकाता के लेक टाउन स्थित श्रीभूमि दुर्गा पूजा पंडाल जाएंगे और इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
