फिरोजपुरः खाद्य सुरक्षा विभाग ने देर रात फिरोजपुर के पुड्डा मार्केट में खाद्य प्रतिष्ठानों का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में साफ-सफाई की कमी और अस्वच्छ हालात पाए गए। जिसके चलते दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सुरक्षा के संबंध में मौके पर ही निर्देश दिए गए।
विभाग की टीम ने दुकानदारों से कहा कि वे अपनी दुकानों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, यह सुनिश्चित करें कि खाद्य पदार्थों को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से रखा जाए, और खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें। इसके अलावा जिन दुकानदारों ने अभी तक खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या पंजीकरण नहीं लिया है, उन्हें निर्देश दिया कि वे अपना कारोबार जारी रखने से पहले नियमों के अनुसार जरूरी दस्तावेज प्राप्त कर लें।
निरीक्षण के दौरान जहां भी गंदगी या साफ-सफाई से जुड़ी कमियां दिखीं, वहां तुरंत सफाई करने और इन कमियों को मौके पर ही दूर करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से बताया कि उपभोक्ताओं को साफ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी दुकानदारों से आग्रह किया है कि वे स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखें और जन स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके तहत बने नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
