कोच्चिः केरल के कोच्चि के पास तेज रफ्तार मिनी कूपर कार की टक्कर से तीन युवाओं की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। हादसे के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें 19 वर्षीय आरोपी सुहैल सजीव की मां उसे जन्मदिन पर मिनी कूपर कार खरीदकर देने की बात बताती नजर आ रही हैं। वहीं पुलिस को ऐसे वीडियो मिलने की बात सामने आई है, जिनमें आरोपी कथित तौर पर 220 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से कार चलाता दिखाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार ये हादसा रविवार तड़के करीब 1:45 बजे केरल के एर्नाकुलम जिले में नेदुंबस्सेरी के पास हुआ। सुहैल सजीव की तेज रफ्तार मिनी कूपर ने पीछे से स्कूटर को टक्कर मार दी। स्कूटर पर तीन विद्यार्थी सवार थे और वे हवाई अड्डे की ओर जा रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। बताया गया है कि कार स्कूटर को करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे में देविका (21) और गोपिका (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इजाज (21) ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी सुहैल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या से संबंधित मामला दर्ज किया है। उस पर शराब के नशे में कार चलाने का भी आरोप है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद सुहैल की मां का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह मलयालम भाषा में बताती हैं कि मिनी कूपर उनके बेटे की पसंदीदा कार थी और परिवार ने उसकी यह इच्छा पूरी करने के लिए उसे कार खरीदकर दी थी।
वीडियो में वह बताती हैं कि उन्होंने दिसंबर में अपने जन्मदिन के आसपास कार खरीदने के बारे में सोचा था, लेकिन बाद में बेटे को जन्मदिन के तोहफे के रूप में यह लग्जरी कार दिलाने की व्यवस्था की। तीन युवाओं की मौत के बाद यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। कथित तौर पर 220 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से कार चलाने वाले वीडियो सामने आने के बाद तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
