चंडीगढ़/गढ़शंकर: पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं गढ़शंकर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने क्षेत्र की विभिन्न अनाज मंडियों का विशेष दौरा कर धान की खरीद के प्रबंधों का जायजा लिया। डिप्टी स्पीकर रौड़ी ने रोड़ मजारा, समुंदड़ा, पनामा, गढ़शंकर, मेगोवाल, माहिलपुर और मोरांवाली की मंडियों में पहुंचकर किसानों, आढ़तियों और मंडी से संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।
इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर रौड़ी ने मंडियों में धान की आवक, खरीद, लिफ्टिंग, बारदाने, भुगतान और अन्य प्रबंधों के संबंध में विस्तार से जानकारी हासिल की। उन्होंने मंडी में अपनी फसल लेकर पहुंचे किसानों से भी सीधे बातचीत की और उन्हें आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचते समय किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए और इस संबंध में अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें।

रौड़ी ने कहा कि पंजाब का किसान राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों की मेहनत से ही देश का अन्न भंडार भरता है। इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए सुचारु और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, सफाई, रोशनी, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर किसानों ने भी मंडियों में किए जा रहे प्रबंधों के संबंध में डिप्टी स्पीकर रौड़ी के साथ अपने विचार साझा किए। रौड़ी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है और धान की खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
