शिमला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का तीन दिवसीय हिमाचल दौरा राष्ट्रपति और प्रदेश की जनता के बीच आत्मीय एवं स्नेहपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला रहा। यह बात राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने राष्ट्रपति के हिमाचल प्रदेश दौरे के समापन पर मनाली स्थित डीआरडीई हेलीपैड पर उन्हें गरिमापूर्ण विदाई देने के उपरांत कही।
राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति की हिमाचल प्रदेश में उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय रही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति, आत्मीयता तथा लोगों के साथ उनके संवाद ने इस यात्रा को विशेष बनाया। इसकी स्मृतियां लंबे समय तक लोगों के मन में बनी रहेंगी।
राज्यपाल ने कहा कि अटल टनल का दौरा हिमाचल प्रदेश में बढ़ती कनेक्टिविटी और राज्य के सामरिक महत्व को रेखांकित करता है, जबकि हिडिंबा माता मंदिर की यात्रा प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद और हिमाचल की जनता के बीच गहरे एवं आत्मीय संबंधों की अभिव्यक्ति भी रहा। राज्यपाल ने राष्ट्रपति द्वारा हिमाचल प्रदेश में बिताए गए बहुमूल्य समय के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
