अमृतसरः देहात में मत्तेवाल थाना क्षेत्र में नहर के पास पुलिस और एक मोस्ट वांटेड गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर हरमन भोपाराय स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भोआ साइड से चुगावां की ओर आ रहा था। इस दौरान पुलिस पार्टी ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल के मुताबिक, पुलिस को पहले से ही खुफिया जानकारी थी कि मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हरमन भोपाराय इस इलाके में आने वाला है।
इसी सूचना के आधार पर मत्तेवाल थाना प्रभारी (एसएचओ) दिलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी द्वारा नाकाबंदी की गई थी। पुलिस के अनुसार, जब गैंगस्टर को रोकने की कोशिश की गई, तो उसने पुलिस पार्टी पर करीब 3 से 4 राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली एसएचओ की बाजू के पास से निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें हरमन भोपाराय के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हरमन भोपाराय के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसएसपी के अनुसार, गुरदासपुर के हनुमान चौक में हुए ग्रेनेड हमले के मामले में भी वह पुलिस को वांछित था। इसके अलावा, मत्तेवाल थाने में मुकदमा नंबर 106/26 दर्ज है, जिसमें उस पर एक व्यक्ति पर गोलियां चलाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ स्नैचिंग और हत्या के प्रयास से संबंधित मामले भी दर्ज हैं। पुलिस अब अस्पताल से इलाज के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की कार्रवाई करेगी। रिमांड के दौरान उससे पहले की गई अन्य वारदातों और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।