ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते बंगाणा क्षेत्र से लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग बालिका और 10 वर्षीय बालक को पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर दिल्ली से सुरक्षित बरामद कर लिया है। दोनों बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना बंगाणा में 15 सितंबर 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 14 सितंबर की शाम करीब छह बजे जब वह अपने पति, देवर और ननद के साथ काम से किराए के मकान में वापस लौटी तो उसकी 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय भतीजा घर पर नहीं मिले। दोनों की काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल पाया।
शिकायत मिलने के बाद जिला पुलिस ऊना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस थाना बंगाणा के प्रभारी निरीक्षक रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार तलाश और सत्यापन करते हुए मामले में तेजी से कार्रवाई की। पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दोनों बच्चों का दिल्ली में पता लगाया गया और 21 सितंबर 2026 को उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को ऊना वापस लाया जा रहा है।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि गुमशुदा बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगामी जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सजग रहें। यदि कोई बच्चा लापता होता है या किसी बच्चे के संबंध में कोई संदिग्ध जानकारी मिलती है तो बिना देरी पुलिस को सूचित करें। समय पर दी गई सूचना बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।