चंडीगढ़ः पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाए जाने की हालिया घटनाओं के बाद पुलिस मुख्यालय ने फील्ड में तैनात जवानों की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से कसने के निर्देश दिए हैं। पुलिसकर्मियों को एक ही रूट और एक ही वाहन का लगातार इस्तेमाल करने से बचने को कहा गया है। ड्यूटी पर जाने और लौटने की ऐसी नियमित दिनचर्या से भी बचना होगा, जिससे किसी को उनके आने-जाने का पहले से अनुमान लग सके। निजी हथियार और अन्य सुरक्षा उपकरण ले जाते समय भी गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। रवाना होने और गंतव्य पर सुरक्षित पहुंचने की जानकारी संबंधित अधिकारी या कंट्रोल प्वाइंट को देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। बिना सूचना ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने या गैरहाजिरी पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी हैं।
ऐसे में अब पुलिसकर्मियों की सिर्फ ड्यूटी प्वाइंट पर ही नहीं, बल्कि घर से ड्यूटी तक की आवाजाही, रूट, वाहन, हथियार, नाके, रात की चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर भी प्रोटोकाल तय किया गया है। सबसे अहम निर्देश यह है कि जहां तक संभव हो पुलिसकर्मी अकेले आवाजाही न करें और बडी पेयर सिस्टम (साथी प्रणाली) के तहत आने-जाने को प्राथमिकता दें। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देशों में अधिकारियों को इन सुरक्षा उपायों की व्यक्तिगत रूप से ब्रीफिंग करने को कहा गया है, ताकि थानों और निचले स्तर तक तैनात कर्मचारियों को भी इनकी जानकारी हो।
दूसरी ओर, विपक्षी नेताओं के इन दावों और वायरल ऑडियो के तूल पकड़ते ही पंजाब पुलिस पूरी तरह एक्शन में आ गई। पुलिस मुख्यालय ने तुरंत आधिकारिक बयान जारी कर इन सभी दावों को कोरी अफवाह और फर्जी करार दिया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि विभाग की तरफ से ऐसा कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया है जिसमें पुलिसकर्मियों को वर्दी न पहनने की हिदायत दी गई हो।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी सामने आकर इन तमाम खबरों को विपक्ष की राजनीतिक साजिश बताया। प्रशासन ने आम नागरिकों और पुलिस बल के जवानों से अपील की है कि वे इस तरह की भ्रामक ऑडियो और झूठी खबरों पर बिल्कुल ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली जानकारियों पर ही भरोसा करें।

