चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के राजकीय स्कूलों के बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ तथा आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में प्रदेश के 250 ‘पीएम श्री’ स्कूलों को विशेष रूप से लाइब्रेरी, ग्रीन कैंपस, डिजिटल क्लासरूम, स्मार्ट क्लासरूम और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं (लैब) के रूप में विकसित किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में स्कूलों के कायाकल्प, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
खेलों के क्षेत्र में हरियाणा की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा देश में ‘खेलों का हब’ है और यहां की माटी ने देश को वैश्विक स्तर पर कई नामी खिलाड़ी दिए हैं। राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी देश के लिए और अधिक से अधिक पदक जीत सकें।
इस दूरगामी लक्ष्य को हासिल करने के लिए जमीनी स्तर यानी स्कूलों से ही तैयारी शुरू की जा रही है। इसके तहत प्रदेश के राजकीय स्कूलों में खिलाड़ियों के लिए उच्च गुणवत्ता का खेल सामान मुहैया करवाया जाएगा। स्कूलों में खेलों की स्थानीय रुचि और जरूरत के हिसाब से ही खेल सामग्री वितरित की जाएगी ताकि उदीयमान खिलाड़ियों को बचपन से ही सही प्रशिक्षण और संसाधन मिल सकें।