ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना मैहतपुर के तहत रायपुर सहोड़ा में बाइक सवार तीन लोगों द्वारा एक युवक का मोबाइल फोन छीनने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संजीव कुमार निवासी वार्ड नंबर-9 रायपुर सहोड़ा ने बताया कि 16 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर से पशुओं के बाड़े की ओर फोन सुनते हुए जा रहा था। इसी दौरान संतोषगढ़ की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग उसके पीछे आकर रुके। आरोप है कि उनमें से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से नीचे उतरा और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर संतोषगढ़ की ओर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान व तलाश के लिए जांच जारी है।