ऊना,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा की सात रोवर एवं रेंजर छात्राओं ने प्रतिष्ठित ‘निपुण परीक्षण’ सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वंशिका राणा, अनुष्का, साक्षी शर्मा, कशिश राणा, दीक्षा देवी, कशिश शर्मा एवं रिया ने मंडी के रिवालसर स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र में 10 से 14 सितंबर तक आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कठिन प्रशिक्षण एवं विभिन्न परीक्षाओं को सफलतापूर्वक पूरा कर छात्राओं ने अपनी कुशलता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का परिचय दिया। रेंजर लीडर प्रोफेसर निक्कीता गुप्ता ने पूरे प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं का मार्गदर्शन किया। छात्राओं की इस उल्लेखनीय सफलता पर महाविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।