ऊना,सुशील पंडित: पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना द्वारा वन विभाग और रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल, बसाल के संयुक्त समन्वय से बसाल में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऊना डिवीजन की सभी अदालतों के न्यायिक अधिकारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, ऊना राजिंदर कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। साथ ही, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना की सचिव शिखा लखनपाल भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजिंदर कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी उचित देखभाल करने का आह्वान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया तथा प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम, ठोस कचरा प्रबंधन, वर्षा जल संरक्षण, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संवैधानिक एवं वैधानिक दायित्वों तथा उपलब्ध कानूनी उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। इस मौके पर वन विभाग और रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सहित अन्य उपस्थित रहे।

