HBPE से संबद्ध बोर्डों एवं संस्थाओं की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर
चंडीगढ़: हरियाणा बोर्ड ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज (HBPE) के चेयरमैन मोहन लाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर मार्गदर्शन दे रहे हैं। सभी बोर्डों एवं संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार के विकास एवं जनकल्याण के एजेंडे को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी बोर्डों एवं संस्थाओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मोहन लाल कौशिक आज हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में एचबीपीई से संबद्ध बोर्डों, निगमों, स्वायत्त निकायों, सोसायटियों एवं संस्थाओं के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, एमडी, सीए तथा प्रमुख अधिकारियों के साथ आयोजित परिचयात्मक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न संस्थाओं की कार्यप्रणाली, विभागीय लक्ष्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन, मुख्यमंत्री की घोषणाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और जनसेवा को प्राथमिकता देने के निर्देश
सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब पात्र लोगों को उनकी जानकारी हो और वे उनका लाभ उठा सके इसलिए प्रत्येक बोर्ड एवं संस्था अपने स्तर पर योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की प्रभावी जानकारी आमजन तक पहुंचाने की व्यवस्था करे। उन्होंने कार्यालयों में डिस्प्ले बोर्ड लगाने, वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा योजनाओं एवं उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर संबंधित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सके।
उन्होंने बोर्डों के अध्यक्षों एवं अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनता के लिए पर्याप्त समय निकालें, उनकी समस्याओं को सुनें और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनका समाधान सुनिश्चित करें। नए विचारों, बेहतर कार्यप्रणाली और मजबूत टीमवर्क के साथ सभी संस्थाएं अपने दायित्वों का निर्वहन करें। विश्वास व्यक्त किया कि एचबीपीई से संबद्ध सभी बोर्ड एवं संस्थाएं अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करते हुए विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने में प्रभावी योगदान देंगी।
बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती ने कहा कि कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाया जाए। स्टाफ की कमी अथवा अन्य प्रशासनिक समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। सभी बोर्डों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय और टीमवर्क पर जोर देते हुए कहा कि आपसी सहयोग से कार्यों को गति देने के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को भी दूर किया जा सकता है।
प्रत्येक बोर्ड एवं संस्था को अपने कार्यों के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उनके अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और परिणामों की नियमित समीक्षा भी जरूरी है। अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की स्थिति की भी नियमित समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जिन घोषणाओं को पूरा किया जाना बाकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समन्वय से आगे बढ़ाया जाए।
बैठक में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष वेदपाल ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना सभी बोर्डों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी संस्थाएं आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करेंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार मार्गदर्शन दिया जा रहा है। विश्वास व्यक्त किया कि सभी बोर्ड एवं संस्थाएं मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप मिलकर कार्य करते हुए प्रदेश के विकास को और गति देंगी।
बैठक में विभिन्न बोर्डों एवं संस्थाओं के अध्यक्षों ने अपने-अपने संस्थानों की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों, कार्य योजनाओं तथा सामने आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी दी और सुझाव साझा किए। के मार्गदर्शन में प्रदेश के विकास को गति देने तथा मोहन लाल कौशिक द्वारा दिए गए निर्देशों को प्रभावी रूप से लागू करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।