बठिंडाः कैंट क्षेत्र में लेफ्टिनेंट कर्नल के घर पर चोरी की वारदात को रिटायर्ड फौजी ने अंजाम दिया। इस बात का आरोपी की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घर से चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि कैंट निवासी लेफ्टिनेंट गौरव गोपीनाथ ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अज्ञात चोर उनके घर से 20 तोले सोने और 30 तोले चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए।
गए शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता के घर में काम करने वाले रिटायर्ड लांस नायक बिक्रमजीत सिंह निवासी अमृतसर पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए 20 तोले सोने और 30 तोले चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से लेफ्टिनेंट गौरव गोपीनाथ के घर में काम करता था।
इसी कारण उसे घर की गतिविधियों और सामान के बारे में पूरी जानकारी थी। आरोपी ने इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए आभूषणों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।