नई दिल्लीः बंगाल के क्रिकेटर और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले अभिषेक पोरेल को रेप केस में गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल छात्रा ने अभिषेक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के साथ मारपीट और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, क्रिकेटर को दम दम थाना क्षेत्र स्थित इमामी सिटी से गिरफ्तार किया गया। मेडिकल छात्रा ने रेप, आपराधिक धमकी और अन्य आरोप लगाए हैं।
हुगली ग्रामीण पुलिस के एसपी कुंवर भूषण सिंह के मुताबिक, पुलिस ने अभिषेक को डमडम थाने के तहत आने वाले एमामी सिटी से गिरफ्तार किया। पीड़िता ने जून में शिकायत दर्ज कराई थी। 23 साल के अभिषेक विकेटकीपर बैटर हैं। वे बंगाल के लिए 116 और IPL टीम दिल्ली कैपिटल्स के लिए 35 मैच खेल चुके हैं। दिल्ली ने उन्हें 4 करोड़ रुपए में रीटेन किया था। पुलिस के अनुसार, अभिषेक के खिलाफ केस बीएनएस की धाराओं 64(1)/66/69/74/75(2)/79/115(2)/117(2)/124(1)/127(2)/109/308(2)/351(2)/351(3)/316(2)/318(3)/61(2)/3(5) और आईटी एक्ट की धाराओं 66ई/72 के तहत दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद अभिषेक पोरेल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें चिनसुराह कोर्ट में पेश किया गया। मामले में मंगलवार को ही अग्रिम जमानत पर सुनवाई भी तय थी।
इससे पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने पुलिस को अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। यह मामला हुगली के मोगरा थाने में एक मेडिकल छात्रा की शिकायत के बाद सामने आया। महिला ने आरोप लगाया कि अभिषेक पोरेल ने शादी का वादा करके उसके साथ यौन संबंध बनाए। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि पोरेल ने दोनों के निजी पलों को रिकॉर्ड किया था। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि अभिषेक पोरेल ने उसे गैरकानूनी तरीके से अपने पास रखा और खाना तक नहीं दिया। FIR में आगे दावा किया गया है कि उसे जानबूझकर अलग-थलग रखा गया, जिसके चलते उसकी शारीरिक स्थिति काफी कमजोर हो गई और वह ठीक से चलने की स्थिति में नहीं रही। शिकायत में यह भी कहा गया है कि फ्लाइट होने के बावजूद उसे कथित चोटों के कारण तत्काल मेडिकल मदद लेनी पड़ी।