ऊना,सुशील पंडित: नशे और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला ऊना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छतरपुर टांडा में एक वाहन से 60 बोतल देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की शाम पुलिस चौकी संतोषगढ़ प्रभारी एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम छतरपुर टांडा स्थित प्राथमिक स्कूल के पास यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान एक वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से पांच पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 60 बोतलें देसी शराब मार्का वीआरवी संतरा पाई गईं। पुलिस ने शराब से संबंधित लाइसेंस या परमिट मांगा, लेकिन चालक कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने वाहन चालक विशाल पुत्र सुरेश कुमार निवासी हैबोवाल, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर, पंजाब के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।