लुधियानाः दिल्ली अमृतसर नेशनल हाईवे पर जिला फतेहगढ़ साहिब में बुधवार सुबह तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक व्यक्ति की मौत होने की दुखद सूचना है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस अमृतसर से श्रद्धालुओं के एक धार्मिक जत्थे को लेकर करनाल गई थी। धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद आज सुबह यह बस श्रद्धालुओं को लेकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान हाईवे पर सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे बस अचानक एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया और दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से रास्ते से हटवाया गया। पुलिस का कहना है कि घायलों की अस्पताल में उपचार चल रहा है, वहीं दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे की तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता हैकि वाहनों के परखच्चे उड़ गए है।

