पंजाब सहित 4 राज्यों में खपाने का दावा, 6 मशीनें और भारी मात्रा में डाई बरामद
जीरकपुरः नकली नोटों के बाद अब नकली सिक्के तैयार कर बाजार में खपाने का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। सहारनपुर पुलिस ने शहर कोतवाली एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पंजाब के मोहाली जिले के जीरकपुर निवासी गिरोह के सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हरियाणा के सोनीपत में 20 रुपये के नकली सिक्के तैयार करते थे और उन्हें पंजाब हरियाणा उत्तर प्रदेश और बिहार में खपाते थे।
पुलिस लाइन में एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि बाजार में नकली सिक्के चलाए जाने की सूचना मिलने के बाद शहर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया था। जांच के दौरान गिरोह का पता चला और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अब तक 70 करोड़ रुपये से अधिक के नकली सिक्के बाजार में चलाने का दावा कर रहे हैं। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 रुपये के 6400 नकली सिक्के, जिनकी कीमत 1.28 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 5 लाख रुपये मूल्य के अधबने सिक्के भी मिले हैं। पुलिस को आरोपियों के पास से 500-500 रुपये के 20 नोट, सिक्के बनाने वाली 6 मशीनें और 5 लोहे की डाई भी मिली हैं। जांच टीम ने बिना मुहर की 39 डाई और मुहर लगी 20 डाई, डाई पॉलिश करने वाली मशीन, दो घिसाई पत्थर और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, दो कारें, नकली सिक्कों के लेन-देन से संबंधित सात हिसाब रजिस्टर, पैड और एक चेकबुक भी बरामद हुई है। इन दस्तावेजों और मोबाइल फोन की जांच के जरिए पुलिस गिरोह के नेटवर्क और नकली सिक्कों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक फैला हुआ था। अब तक कितने नकली सिक्के बाजार में पहुंचाए गए और इसमें कितने लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।