पलामूः शहर के गहर पथरा मोड़ के पास बीती रात स्कॉर्पियो और मोपेड की भीषण टक्कर का मामला सामने आया है। हादसे में मोपेड सवार 3 नाबालिगों की मौत हो गई। सभी मृतक शोले गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान फिरोज अंसारी उर्फ बुटन (12) पुत्र इश्ताक अंसारी, तौहीद अंसारी (15) पुत्र नसीम अंसारी और इबरार अंसारी (13) पुत्र अमरूद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। इबरार और फिरोज रिश्ते में चचेरे भाई थे, जबकि तौहीद उनका पड़ोसी था।
जानकारी मुताबिक, तीनों किशोर एक मोपेड पर सवार होकर बाजार से सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो ने उनकी मोपेड को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों मोपेड सवारों को इलाज के लिए एमएमसीएच (मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तौहीद और फिरोज को मृत घोषित कर दिया। इबरार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए डॉ. राहुल अग्रवाल के अस्पताल ले जाया गया, जहां रात 10 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। तीनों शवों को एमएमसीएच में रखा गया है और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना के बाद स्कॉर्पियो का चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो और लूना को जब्त कर लिया है। स्कॉर्पियो मेदिनीनगर के बैरिया चौक की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
