जालंधर: फिल्लौर में आयोजित डेरा बाबा ब्रह्मदास मेले के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे एक झूले का नट अचानक टूट गया, जिसके कारण झूला असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। झूला टूटने के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों में चीख-पुकार मच गई और हर कोई अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत इलाज के लिए फिल्लौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया।
लोगों की मदद से पहुंचाए गए अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और मेले में मौजूद अन्य व्यक्तियों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों को पहले फिल्लौर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में झूले के नट टूटने को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि झूले की सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।
