पुलिस ने जादू-टोने के लिए वारदात करने की जताई आशंका
कार्बी आंगलोंगः जिले से मां-बेटी के रिश्ते को तार-तार करने का मामला सामने आया है। जहां, एक 19 साल की युवती ने अपनी ही मां की गला काटकर हत्या कर दी। हैरान कर देने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद युवती ने पूरी रात अपनी मां के कटे हुए सिर के साथ रही।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे पूजा मलंग (19) ने अपने घर के अंदर ही अपनी 42 वर्षीय मां, अनुमाई मलंग पर हमला कर दिया। इस दौरान युवती ने बेरहमी से मां का सिर काट डाला। इस खौफनाक मंजर के दौरान जब उसके पिता प्रेमेंद्र मलंग और उसकी बहन ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद पूजा अपनी मां का कटा हुआ सिर लेकर घर से बाहर निकल गई और वीरवार सुबह तक पुलिस की पकड़ से दूर रही। उसने कथित तौर पर पूरी रात अपनी मां के कटे हुए सिर के साथ छिपकर बिताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस को घटनास्थल के पास से हंसिया, कैंची, सिंदूर, तेल और मिट्टी का घड़ा बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस अभी किसी निश्चित नतीजे पर नहीं पहुंची है, लेकिन बरामद सामग्री को देखते हुए इस हत्याकांड के तार अंधविश्वास और जादू-टोने से जुड़े होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है। बैथालांगसो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि परिवार में पहले से कोई घरेलू झगड़ा नहीं था। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
