ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज़ हो रहा है। इसी कड़ी में हरोली और मेहतपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो मामलों में कुल 14 बोतल देसी शराब बरामद कर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल को हरोली थाना के एस आई राजपाल अपनी टीम के साथ गश्त पर थे।
इस दौरान धर्मपुर में एक दुकान की तलाशी ली गई, जहां से 7 बोतल देसी शराब वीआरवी संतरा बरामद की गई। इस मामले में आरोपित विजय कुमार निवासी धर्मपुर, तहसील हरोली के खिलाफ हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मेहतपुर थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए गुरुद्वारा देहलां के पास एक व्यक्ति की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 बोतल देसी शराब सुपर संतरा बरामद हुई। आरोपित की पहचान बलदेव सिंह निवासी देहलां अप्पर, जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
